चार फैक्टरियां सील, 13 को नोटिस

 


चार फैक्टरियां सील, 13 को नोटिस


नई दिल्ली। अनाज मंडी इलाके में 43 लोगों की मौत के बाद भी सोया प्रशासन अमर उजाला में खबर छपने के बाद अचानक जाग गया। बुधवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम का फैक्टरी लाइसेंसिंग विभाग सदर बाजार के चमेलियान में सीलिंग के लिए पहुंच गया। आनन-फानन में विभाग ने चार अवैध फैक्टरियों को सील कर दिया। इस बीच, इलाके की 47 फैक्टरियां खाली या बंद मिलीं। रविवार से चल रहे हंगामे के बाद पूर्वी दिल्ली नगर निगम भी एक्शन मोड में दिखा। उसने 28 फैक्टरियों का निरीक्षण किया और 16 अवैध फैक्टरियों को सील कर दिया।


 

अनाज मंडी इलाके में हुए हादसे के बाद आरोप लगते रहे कि निगम हाथ पर हाथ धरे बैठा है। 'अमर उजाला' ने बुधवार को प्रशासन की खामोशी पर खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद सुबह ही उत्तरी दिल्ली नगर निगम की टीम अनाज मंडी इलाके में दल-बल के साथ पहुंच गई। इधर, सीलिंग की आशंका को देखते हुए मालिकों ने अपनी-अपनी फैक्टरियां खाली करना शुरू कर दी थीं। बुधवार को पहुंची टीम ने 51 फैक्टरियों की जांच की। इनमें से 47 को बंद या खाली पाया गया। इसके बाद चार फैक्टरियों को सील कर दिया गया। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने 13 अवैध फैक्टरियों को नोटिस देने के अलावा 21 को चिन्हित भी किया है। सीलिंग को लेकर कारोबारी काफी दहशत में दिखे।
दूसरी ओर, पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने भी शाहदरा साउथ जोन में चल रही अवैध फैक्टरियों के खिलाफ मुहिम चलाई। बुधवार को कार्रवाई के दौरान 28 फैक्टरियों का निरीक्षण कर 16 को सील कर दिया गया। निगम के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कई जगह पर निगम के दस्ते को लोगों का विरोध झेलना पड़ा। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।